हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित स्टेडियम का नाम बदलने पर विवाद के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है। राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के तहत स्टेडियम के मुख्य गेट पर “हरिद्वार स्पोर्ट्स स्टेडियम” लिखा गया था, जबकि इसका नाम भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान वंदना कटारिया के नाम पर रखा गया था।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस बदलाव पर आपत्ति जताई। वंदना कटारिया के परिवार ने खेल मंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखी। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दो दिनों के भीतर गेट पर फिर से वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम लिखा जाएगा।
बता दें कि 2021 में तत्कालीन सरकार ने स्टेडियम का नाम बदलकर वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद रखा था। खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने इसे विधिवत घोषित भी किया था। राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के दौरान गेट पर नाम बदले जाने से वंदना कटारिया और उनके परिवार ने गहरी आपत्ति जताई।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने पुराने शासनादेश का अवलोकन करते हुए गेट पर सही नाम लिखवाने का आश्वासन दिया। वंदना कटारिया की बहन रीना कटारिया और भाई पंकज कटारिया ने प्रशासन के इस कदम पर संतोष जताया है।