उत्तराखंड: नेपाल में उत्पन्न हिंसा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने सीमा से सटे जिलों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। विशेष रूप से पिथौरागढ़, ऊधमसिंहनगर और चंपावत में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इन क्षेत्रों में सीमा मार्गों पर गश्त बढ़ाई गई है और आवश्यकतानुसार सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय इन जिलों से लगातार अपडेट प्राप्त कर रहा है।
आईजी कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि नेपाल की स्थिति को देखते हुए खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। इंटेलिजेंस से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पूरे राज्य में सतर्कता बरती जा रही है, जबकि सीमावर्ती जिलों में विशेष निगरानी लागू की गई है। साथ ही, सोशल मीडिया पर भड़काऊ और भ्रामक सामग्री पर नजर रखी जा रही है ताकि अफवाह फैलाने वाले लोगों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसके लिए मुख्यालय और जिला स्तर पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमों को सक्रिय किया गया है। साथ ही, स्थानीय पुलिस को एसएसबी के साथ समन्वय बनाए रखने और सीमा चौकियों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की चूक से बचने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। यह कदम सीमा क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
