हल्द्वानी: हल्द्वानी के बेस अस्पताल में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 9 बेड के आधुनिक ICU का संचालन गुरुवार से आधिकारिक रूप से शुरू हो गया। ICU के शुरू होने से अब कुमाऊं और सीमान्त क्षेत्रों के गंभीर मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या हायर सेंटर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से ICU का उद्घाटन किया। D.M. रयाल ने बताया कि ICU में एक्सपर्ट डॉक्टर और अनुभवी नर्सिंग स्टाफ तैनात किया गया है, और पूरी यूनिट 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चलेगी।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि इस ICU से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने जानकारी दी कि ICU में
-
4 एनेस्थेटिक डॉक्टर
-
4 अनुभवी नर्सिंग स्टाफ
-
3 सर्जन और 3 फिजिशियन (रोटेशन में)
की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि ICU शुरू होने से बेस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और अन्य चिकित्सक व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
