नैनीताल: नैनीताल जिले के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब होते हुए जिले के लिए अपना स्पष्ट विज़न साझा किया। उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस अब सुरक्षा, व्यवस्था और सुविधा के तीन स्तंभों पर कार्य करेगी, जहां जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय (Coordination) प्राथमिकता में रहेगा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ ने बताया कि आगामी दिनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित नैनीताल दौरे को देखते हुए जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मज़बूत करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार निगरानी और समन्वय में जुटी हुई हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का लक्ष्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि पर्यटन व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में सुधार के साथ जनता को बेहतर पुलिस सेवा और सुविधा उपलब्ध कराना भी रहेगा।
