जहां टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के रिक्रूटमेंट मैनेजर मानव शर्मा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने अपने दुख और परेशानियों को जाहिर किया।
मानव शर्मा, जो मुंबई में कार्यरत थे, 30 जनवरी 2024 को निकेता से शादी के बंधन में बंधे थे। उनके पिता नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बहू का व्यवहार ठीक नहीं था। वह अक्सर लड़ाई-झगड़ा करती थी और मानव को आत्महत्या की धमकी देकर जेल भिजवाने की बात कहती थी।
23 फरवरी को मानव अपनी पत्नी को लेकर मुंबई से आगरा आए और उसी दिन वह निकेता के घर बरहन गए, जहां उनके ससुराल वालों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और अपमानित किया। इससे आहत होकर अगले दिन, 24 फरवरी की सुबह, मानव ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवारजन ने उन्हें मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के चार दिन बाद, मानव के पिता ने अपनी पुत्रवधू निकेता, उनके पिता निपेंद्र कुमार शर्मा और बहनों निशू व रिया के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, निकेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस ने मामले में साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि आरोपियों के घर पर ताला लगा हुआ है और वे फरार बताए जा रहे हैं।
मानव शर्मा का आत्महत्या से पहले बनाया गया वीडियो करीब 6 मिनट 57 सेकंड लंबा है, जिसमें वह भावुक होकर अपने माता-पिता और परिवार से माफी मांगते नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि उनके जाने के बाद सबकुछ ठीक हो जाएगा और मर्दों की परेशानियों पर भी किसी को बात करनी चाहिए। वीडियो में उन्होंने पहले भी आत्महत्या की कोशिश करने की बात कही और अपने हाथ के जख्म भी दिखाए। अंत में, उन्होंने अपने माता-पिता से अपील की कि उनके जाने के बाद उन्हें कोई परेशान न करे।