नैनीताल: नैनीताल जिले के बेतालघाट पंचायत चुनाव में हुई गोलीबारी के तीन फरार आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उत्तराखंड पुलिस ने इन्हें उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के भीरा कस्बे से गिरफ्तार किया। कार्रवाई का नेतृत्व एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा और थानाध्यक्ष अनीस अहमद ने किया।
गिरफ्तारी बुधवार सुबह उस समय हुई जब तीनों आरोपी भीरा के मुख्य बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर से दवाइयां ले रहे थे। तभी पहले से चौकस पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान दोनों तरफ से पिस्तौलें तन गईं और बाजार में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक थार गाड़ी भी जब्त की है।
दरअसल, ये वही आरोपी हैं जिन्होंने पंचायत चुनाव के दौरान बेतालघाट में फायरिंग कर माहौल बिगाड़ा था। चुनाव आयोग ने इस घटना का संज्ञान लिया था, जिसके बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। इससे पहले पुलिस छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब तक कुल नौ आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
पुलिस की इस साहसिक कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोग SSP प्रहलाद नारायण मीणा और थानाध्यक्ष अनीस अहमद की कार्यकुशलता और फुर्ती की सराहना कर रहे हैं। वर्तमान में आरोपियों से पूछताछ भीरा थाने में की जा रही है, जिसके बाद उन्हें नैनीताल लाया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
