नैनीताल। लेक सिटी वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित होने वाले डांडिया महोत्सव में इस बार गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। आयोजन की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल को सौंपी गई है।
नैनीताल प्रखंड के बजरंग दल संयोजक मनोज कुमार ने बताया कि महोत्सव की तैयारियों को लेकर बीती शाम एक बैठक हुई थी। इसमें यह निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम स्थल पर केवल हिंदू समुदाय के लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की टीम संभालेगी।
मनोज कुमार ने कहा कि डांडिया महोत्सव में लव जिहाद रोकने और पारंपरिक मर्यादा बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल शालीन और संस्कारी वस्त्र पहनने वाले श्रद्धालुओं को ही प्रवेश मिलेगा। आपत्तिजनक परिधान में आने वालों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि माताओं और बहनों की सुरक्षा के लिए बजरंग दल हमेशा तत्पर रहेगा।
वहीं, लेक सिटी वेलफेयर क्लब की संयोजक रमा भट्ट ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए कॉलेज की छात्राओं को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन में सभ्यता और शालीनता बनी रहे, इसके लिए बजरंग दल से सहयोग लिया गया है।
