नैनीताल: नैनीताल जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में इन दिनों हाथियों का चढ़ना लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को भीमताल के पास स्थित हरीशताल में दो जंगली हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इससे पहले बाघों के पहाड़ चढ़ने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन अब हाथियों का आना लोगों के लिए नया खतरा बनता जा रहा है।
हरीशताल के ग्रामीणों ने बताया कि दिन के समय अचानक दो हाथी गांव के पास बने मंदिर तक पहुंच गए। हालांकि उन्होंने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया, लेकिन लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं खतरनाक साबित हो सकती हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि हाथी गांवों में घुस गए तो घरों और खेतों को भारी नुकसान हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। बताया गया कि हाथी आसपास के जंगल में चरते हुए नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि पहले पहाड़ी क्षेत्रों में हाथी शायद ही दिखाई देते थे, लेकिन अब पिछले कुछ समय से उनका व्यवहार बदल गया है और वे ज्युलिकोट, बल्दियाखान और देवीधुरा जैसे इलाकों तक पहुंचने लगे हैं।
गौरतलब है कि इन इलाकों में पहले भी मैदानों से चढ़कर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बाघ देखे जाते रहे हैं। अब हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
