नैनीताल: जिला कोर्ट के बाद अब हाईकोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। लगातार तीसरे दिन धमकी भरा मेल आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले 16 और 17 फरवरी को जिला जज की आधिकारिक ईमेल पर बम धमाके की चेतावनी मिली थी, जिसके चलते दो दिन तक न्यायिक कार्य प्रभावित रहा। तलाशी अभियान में डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता लगाया गया था। अब नए मेल में हाईकोर्ट को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आने से सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
कोर्ट परिसर में प्रवेश से पहले हर व्यक्ति की सघन चेकिंग की जा रही है। मेटल डिटेक्टर के जरिए तलाशी और बाहरी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दोनों गेटों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है।
