
हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर देश के वीर सैनिकों को बड़ा सम्मान और सौगात दी है। उन्होंने घोषणा की है कि अब परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये कर दी गई है। इसके अलावा, विजेताओं को तीन लाख रुपये की वार्षिक अनुदान राशि भी मिलती रहेगी।
सीएम धामी ने यह घोषणा खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में की, जो उनके पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह निर्णय सैनिक कल्याण विभाग के प्रस्ताव के आधार पर लिया गया है और इसे उन्होंने अब आधिकारिक मंजूरी दे दी है।
पहले क्या था प्रावधान?
जून 2022 से पहले: अनुग्रह राशि थी ₹30 लाख
10 जून 2022: कैबिनेट ने इसे बढ़ाकर ₹50 लाख किया
14 जुलाई 2022: शासनादेश जारी
अब: मुख्यमंत्री धामी ने इसे और बढ़ाकर ₹1.5 करोड़ (डेढ़ करोड़) करने की घोषणा की
मुख्यमंत्री धामी ने कहा:
देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान से सुरक्षित हैं। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह इन वीरों के समर्पण और त्याग का सम्मान करे। उत्तराखंड देवभूमि ही नहीं, वीरभूमि भी है जिसने देश को अनेक शूरवीर दिए हैं।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि एक सैनिक और उसके परिवार का जीवन अनुशासन, सेवा और त्याग का प्रतीक होता है, और राज्य सरकार सैनिकों व उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।