देहरादून: सेलाकुई थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में गुरुवार शाम तेज रफ्तार वाहन ने कहर बरपा दिया। अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे बनी दीवार तोड़ते हुए सीधे एक घर में घुस गया। हादसे में डेढ़ साल की बच्ची ताशी गुप्ता की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय वेदांश को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन सेलाकुई से बहादुरपुर की ओर आ रहा था। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से गाड़ी एक दुकान के सामने की दीवार तोड़कर घर में जा घुसी। इसी दौरान घर के बाहर मौजूद बच्ची और किशोर उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन बच्ची को तुरंत धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वेदांश को हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया गया है कि मृतक बच्ची अपने पिता की इकलौती संतान थी और उसके पिता पेशे से इंजीनियर हैं।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह वाहन का एक्सल टूटना या सामने अचानक जानवर आना बताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। वाहन चालक लक्खनवाला निवासी बताया जा रहा है और वह एक स्थानीय भाजपा नेता का भतीजा है।
