
रिपोर्टर: पंकज कुमार टम्टा धारी
भीमताल: भीमताल-पदमपुरी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। धारी तहसील के पदमपुरी क्षेत्र में ग्राम देवनगर निवासी 36 वर्षीय जगदीश चन्द्र दानी की उस समय मौत हो गई जब उनकी ऑल्टो कार (संख्या UA B 5293) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम वह मटियाल से अपने गांव देवनगर लौट रहे थे, तभी पदमपुरी से सरना वाली रोड पर लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने मुक्तेश्वर थाने को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एसओ जगदीप सिंह नेगी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जगदीश चन्द्र दानी उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड में कार्यरत थे। हादसे की खबर मिलने के बाद उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस मार्ग को लेकर स्थानीय लोगों ने पहले भी चिंता जताई है क्योंकि यह हिस्सा बेहद खतरनाक माना जाता है और पहले भी यहां कई हादसे हो चुके है|