उत्तराखंड::चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले ही ऑनलाइन आधार-आधारित पंजीकरण का आंकड़ा 10 लाख पार कर गया है। इनमें सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं, जहां अब तक 3.29 लाख से अधिक तीर्थयात्री रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
पर्यटन विभाग के अनुसार, चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 20 मार्च से शुरू किया गया था। मात्र 10 दिनों में ही विभिन्न तिथियों के लिए 10 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। हालांकि, यात्रा शुरू होने के बाद 40 प्रतिशत पंजीकरण ऑफलाइन भी किए जाएंगे।
चारधाम यात्रा की शुरुआत 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर होगी, जब गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे। बाबा केदारनाथ के कपाट 2 मई को खुलेंगे, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खोले जाएंगे।
चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। इस बार रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्रियों के आने की संभावना जताई जा रही है।
