उत्तराखंड राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार, 20 अप्रैल के लिए भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी जनपदों के लिए दी गई है। इन इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
बागेश्वर, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल, उधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। कहीं-कहीं ओलावृष्टि और गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की भी चेतावनी दी है।
देहरादून में आज बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान में लगभग 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। शुक्रवार को यहां धूप के कारण गर्मी और उमस महसूस की गई थी, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदलने लगा।
मौसम चेतावनी के बाद राज्य आपदा प्राधिकरण और प्रशासन ने सभी ज़िलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
चमोली ज़िले के जिलाधिकारी ने खराब मौसम के चलते आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी है। अन्य ज़िलों में भी स्थिति को देखते हुए प्रशासन स्थानीय स्तर पर निर्णय ले सकता है।मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मानसून उत्तराखंड में समय पर पहुंचेगा और जून से सितंबर के बीच सामान्य से बेहतर बारिश हो सकती है। इससे जलस्रोतों की स्थिति सुधरेगी और फसलों को भी फायदा मिलेगा।