नैनीताल: जिले में खिलाड़ियों के खेल कौशल को निखारने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। अब रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी खेल मैदान खुले रहेंगे, ताकि खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर सकें।
जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जिला क्रीड़ा अधिकारी को आदेश दिए गए हैं कि जनपद के सभी खेल प्रशिक्षक, सहायक प्रशिक्षक और संबंधित कार्मिक यह सुनिश्चित करें कि छुट्टी के दिनों में भी खेल प्रशिक्षण एवं कोचिंग गतिविधियाँ संचालित रहें।
इसके साथ ही प्रशिक्षकों का ड्यूटी रोस्टर इस प्रकार तैयार किया जाएगा कि रविवार व अन्य छुट्टियों में पर्याप्त कोचिंग स्टाफ की उपस्थिति बनी रहे। प्रशिक्षकों को उनके साप्ताहिक अवकाश अन्य कार्य दिवसों में समायोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, जिला क्रीड़ा अधिकारी को पूरे जनपद की खेल गतिविधियों से संबंधित मासिक अनुपालन प्रतिवेदन (Monthly Compliance Report) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय जनहित, खेल हित और खिलाड़ी हित में लिया गया है, ताकि बच्चों और युवाओं में खेल के प्रति रुचि और अनुशासन बढ़े तथा खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
