हल्द्वानी: केंद्र सरकार के नए निर्देश के बाद शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को लेकर हलचल तेज हो गई है। जिन इलाकों में पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां अब PNG कनेक्शन लेना अनिवार्य बताया जा रहा है। इस आदेश के बाद जज फार्म समेत कई क्षेत्रों में लोगों को नोटिस मिलने शुरू हो गए हैं।
शहर में फिलहाल PNG की व्यवस्था पूरी तरह सुचारू नहीं हो पाई है। जज फार्म, हीरानगर और मुखानी क्षेत्रों में करीब 600 घरों को पाइपलाइन से जोड़ा जा चुका है, जबकि लगभग 800 कनेक्शन और दिए जाने बाकी हैं। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं को नोटिस मिला है, वे असमंजस की स्थिति में हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन तो बिछ गई है, लेकिन कई घरों तक अभी गैस की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। जज फार्म निवासी विजय भंडारी के अनुसार उन्हें मैसेज मिला कि अब PNG का ही उपयोग करें और LPG कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा, जबकि उनके घर में अभी नियमित गैस सप्लाई नहीं हो रही है। इसी तरह अन्य उपभोक्ताओं ने भी अधूरी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है।
दरअसल, शहर में कुल 161 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का लक्ष्य है, जिसमें से लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब पीलीकोठी क्षेत्र में भी कनेक्शन दिए जाने की तैयारी है। जेल परिसर और वार्ड 58 में गैस स्टोरेज यूनिट स्थापित की गई हैं, जहां से पाइपलाइन के जरिए सप्लाई की जाती है।
नगर निगम का कहना है कि कंपनी को कनेक्शन बढ़ाने और जहां सप्लाई शुरू नहीं हुई है, वहां जल्द गैस पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का दावा है कि आने वाले समय में व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू कर दिया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
