नैनीताल: कुमाऊं मंडल के गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंह की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि डॉ. जगदीप नियमित रूप से अस्पताल में उपस्थित नहीं हो रहे और केवल दस दिन में एक बार आकर हाजिरी रजिस्टर में एक साथ दस दिन के हस्ताक्षर कर रहे हैं।
मामला मंडलायुक्त दीपक रावत के संज्ञान में आने के बाद उप जिलाधिकारी कैंचीधाम से जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि डॉ. जगदीप पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में नहीं आए हैं और सीसीटीवी फुटेज में भी उनकी मौजूदगी दर्ज नहीं मिली।
और चौंकाने वाली बात यह रही कि मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) नैनीताल को इस पूरे मामले की जानकारी तक नहीं थी। वहीं सीएमएस डॉ. सतीश ने भी समय पर उच्चाधिकारियों को सूचना नहीं दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने मामले को गंभीर मानते हुए निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य, कुमाऊं मंडल को जांच के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
