
हरिद्वार | उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सोमवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सहारनपुर से कर्णप्रयाग मजदूरी के लिए जा रहे मजदूरों को लेकर जा रही एक यूटिलिटी वाहन भूमानंद हॉस्पिटल के पास नेशनल हाईवे पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार 13 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों को तत्काल उपचार मिल सका, जिससे कई की हालत स्थिर बनी हुई है।
कर्णप्रयाग जा रहे थे मजदूरी के लिए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये सभी मजदूर सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र के रहने वाले हैं और कर्णप्रयाग में निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। सभी मजदूर एक यूटिलिटी वाहन में सवार थे, जो भूमानंद हॉस्पिटल के पास हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद की। घटना के दौरान वाहन की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजहों की जांच की जा रही है।
पुलिस का बयान
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने पुष्टि की है कि यूटिलिटी में कुल 13 मजदूर सवार थे। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी घटना की जांच शुरू कर दी गई है।