ध्यान दें:- पहाड़ो में बर्फबारी, मैदानों में बारिश, अब सता रही ठंड, इन जिलों में है स्कूल बंद
नैनीताल: बसंत पंचमी के दिन उत्तराखंड में मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से ठंड एक बार फिर लौट आई है। ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी से पहाड़ सफेद चादर में ढक गए हैं, जबकि मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य के अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और देहरादून के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। रुद्रप्रयाग के त्रियुगीनारायण में बर्फबारी के बीच शादी समारोह का दृश्य भी सामने आया, जहां गिरती बर्फ के बीच दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए। यह दृश्य सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा।
उत्तरकाशी के चोरंगी खाल क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते यातायात प्रभावित हुआ। बड़ी संख्या में वाहन फंस गए, जिससे लंबा जाम लग गया। स्थिति को संभालने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग खोलने का काम शुरू किया गया।
मैदानी जिलों की बात करें तो चम्पावत, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में सुबह से बारिश होती रही। हल्द्वानी में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बारिश व ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और देहरादून के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। करीब तीन महीने बाद राज्य के कई जिलों में बर्फबारी देखने को मिली है। यमुनोत्री, गंगोत्री धाम और चकराता में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है।
नैनीताल में भी मौसम की पहली बर्फबारी से पूरा शहर सफेद नजर आया। नयना पीक, स्नोव्यू, टिफिन टॉप, किलबरी, सात नंबर और बिड़ला चुंगी जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि मॉल रोड पर बारिश और हल्के ओले पड़े। बर्फबारी से पर्यटकों और स्थानीय लोगों के चेहरे खिले जरूर, लेकिन तापमान में तेज गिरावट महसूस की गई।
खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। ऊधम सिंह नगर जिले में 24 जनवरी को सभी स्कूल बंद रहेंगे। टिहरी गढ़वाल में भी कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। राजधानी देहरादून में भी जिला प्रशासन ने 24 जनवरी को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और बच्चों का विशेष ध्यान रखें। अधिकारियों को भी मौसम पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है।
