हल्द्वानी: माननीय सर्वोच्च न्यायालय में रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले पर होने वाले आगामी फैसले को देखते हुए जिला पुलिस व प्रशासन सतर्क हो गया है। SSP श्री मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर आज बनभूलपुरा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी श्री मनोज कत्याल, एडीएम श्री शैलेन्द्र नेगी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शांति और कानून व्यवस्था को लेकर निम्न बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया—
-
बनभूलपुरा के जागरूक एवं सहयोगी नागरिकों की भूमिका की सराहना।
-
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का पूर्ण सम्मान एवं पालन सर्वोपरि।
-
सोशल मीडिया पर उकसाने वाली, भ्रामक या दुष्प्रचार वाली पोस्ट न करने और न फॉरवर्ड करने की अपील।
-
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी से संयम, धैर्य और भाईचारे के साथ सहयोग की अपेक्षा।
-
गलत जानकारी फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
-
प्रत्येक मोहल्ले व परिवार तक सही सूचना पहुंचाने में नागरिकों की मदद आवश्यक।
-
अराजक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर सामूहिक निगरानी की जरूरत।
सभी नागरिकों ने बैठक में आश्वासन दिया कि वे सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करेंगे, शांति बनाए रखेंगे तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करेंगे।
अधिकारियों की अपील— फैसला चाहे जैसा आए, शांति बनी रहनी चाहिए
अधिकारियों ने कहा कि—
-
सुप्रीम कोर्ट का निर्णय सर्वोपरि है और सभी को उसका सम्मान करना चाहिए।
-
क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
-
जनता से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा है।
बैठक में उपस्थित नागरिक एवं जनप्रतिनिधि
मोहम्मद नबी, मौलाना मुफीम कासमी (उमर मस्जिद), पार्षद सलीम सैफी (वार्ड 24), पार्षद इमरान खान, तस्लीम अंसारी (इंदिरा नगर), पार्षद धर्मवीर सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में शामिल अधिकारीगण
एडीएम श्री शैलेन्द्र नेगी, एसडीएम श्री राहुल शाह, सिटी मजिस्ट्रेट श्री गोपाल सिंह चौहान, सीओ सिटी श्री अमित कुमार सैनी, निरीक्षक अभिसूचना श्री ज्ञानेंद्र शर्मा, थानाध्यक्ष बनभूलपुरा श्री सुशील जोशी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पूरे बनभूलपुरा क्षेत्र में संदेश दिया गया है कि शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

