देहरादून: उत्तराखंड में इस मानसून के दौरान भारी बारिश, बादल फटने और लैंडस्लाइड से पहाड़ी जिलों में व्यापक नुकसान हुआ है। आपदा प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 सितंबर को उत्तराखंड का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 4:15 बजे आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करने का है।
हाई लेवल बैठक में अधिकारियों के साथ करेंगे चर्चा: हवाई निरीक्षण के बाद प्रधानमंत्री मोदी शाम 5:00 बजे देहरादून में एक हाई लेवल बैठक करेंगे। इसमें राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ-साथ केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में आपदा से हुए नुकसान, राहत कार्य और पुनर्वास की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
उत्तर प्रदेश दौरे के बाद उत्तराखंड दौरा: गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के वाराणसी का दौरा करेंगे। वहां सुबह लगभग 11:30 बजे मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम की मेज़बानी करेंगे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री 9 से 16 सितंबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं।
आपदा से प्रभावित जिले उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी: प्रधानमंत्री मोदी सेना के हेलीकॉप्टर से उत्तरकाशी, चमोली और आसपास के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। इस साल उत्तरकाशी जिले के धराली में 5 अगस्त को आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर नुकसान किया। मलबे और बाढ़ में कई होटल, दुकानें और घर ध्वस्त हो गए, जबकि अभी भी कई लोग लापता हैं।
6 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल में भारी बारिश से भूस्खलन हुआ। ग्राम सैंजी, पट्टी बाली कण्डारस्यूं और रैदुल क्षेत्र में कई आवासीय भवन नष्ट हुए और कृषि भूमि को नुकसान पहुँचा। कई लोग लापता हैं।
23 अगस्त को चमोली जिले के थराली में अतिवृष्टि और लैंडस्लाइड से कई इलाकों में नुकसान हुआ। एक युवती की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति लापता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद राहत कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

