रुद्रप्रयाग: अगस्त्यमुनि थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर छात्रा से अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद से डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय छात्रा ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसे कंप्यूटर सिखाने के बहाने विद्यालय बुलाया। जब वह पहुंची तो शिक्षक नशे की हालत में था। आरोप है कि उसने छात्रा को जबरन पास बैठाने की कोशिश की और मौका पाकर छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं, उसका बैग और मोबाइल भी अपने पास रख लिया। छात्रा किसी तरह खुद को बचाकर बाहर निकली और लोगों को पूरी घटना बताई।
मामला सामने आते ही स्थानीय लोग और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल शिक्षक का पक्ष सामने नहीं आया है।
थानाध्यक्ष महेश रावत ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर शिक्षक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 74 और 75 (1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।
