हल्द्वानी/लालकुआं: लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने से हड़कंप मच गया। पहली घटना में लालकुआं के वार्ड चार निवासी 70 वर्षीय नत्थू लाल का शव टांडा रेंज में काशीपुर रेल लाइन के किनारे बरामद हुआ। शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन से टकराकर उनकी मौत हुई होगी। नत्थू लाल दो दिन पहले टहलने निकले थे और घर नहीं लौटे, जिसके बाद उनके बेटे ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव की पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया।
दूसरी घटना में देवरामपुर गेट, गौला नदी के पास 42 वर्षीय सूरज सिंह का शव मिला। सूरज टेंपो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पहचान हल्दूचौड़ के नारायणपुरम निवासी के रूप में हुई। 6 सितंबर की शाम परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव के पास से शराब की बोतल, गिलास और नमकीन बरामद की। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र फर्त्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
