नैनीताल :: मल्लीताल क्षेत्र स्थित एक होटल में पुलिस ने छापेमारी कर शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया। इस दौरान मौके से कई युवक जाम टकराते पकड़े गए। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक सहित कुल आठ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।
बुधवार शाम एसएसआई दीपक बिष्ट मल्लीताल क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान पर थे। इस दौरान जब पुलिस टीम पायल रेस्टोरेंट पहुंची तो वहां कुछ युवक होटल के अंदर शराब पार्टी करते नजर आए। पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
इसके बाद सभी युवकों और रेस्टोरेंट संचालक को हिरासत में लेकर कोतवाली मल्लीताल लाया गया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवकों ने पुलिस से छोड़ देने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने कानूनी कार्रवाई अमल में लाई।
एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक देवेंद्र सिंह समेत रोहित, अनिल, अभिषेक, गौरव, गोविंद राम, गणेश कुमार और संजय के खिलाफ शराब पीने और पिलाने के आरोप में पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर सख्ती से अंकुश लगाया जा सके।
