उत्तरकाशी। बीती शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर भूकंप आने की अफवाह तेजी से फैल गई, जिससे नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घबराए लोग कड़ाके की ठंड में बच्चों और बुजुर्गों को लेकर खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हो गए। पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार आ रहे भूकंप के हल्के झटकों के बीच किसी शरारती तत्व ने सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैला दी कि शुक्रवार देर रात जोरदार भूकंप आने वाला है। देखते ही देखते यह मैसेज व्हाट्सएप ग्रुपों और फेसबुक पर वायरल हो गया, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया।
डरे हुए लोग देर रात अपने परिवार को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे। गंगोरी में खेतों में तो भैरव चौक, अन्नपूर्णा मंदिर और रामलीला मैदान में सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने आग जलाकर रातभर रतजगा किया और सुबह 3 से 4 बजे के बाद ही अपने घर लौटे।
पुलिस और प्रशासन ने तुरंत सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही, लोगों से भूकंप से जुड़ी आधिकारिक जानकारी केवल प्रशासन की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल से लेने को कहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सरिता डोबाल ने शहरवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लें। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।