नैनीताल: नैनीताल में चल रहे विवाह सीजन के बीच बढ़ते यातायात दबाव और बारातों के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले में सख्त यातायात व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। हाल के दिनों में शादी आयोजनों के दौरान कई स्थानों पर जाम जैसी परेशानी सामने आई, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को काफी असुविधा हुई। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अब नियमों के कड़ाई से पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सड़क पर बड़े-बड़े हाई-बेस डीजे और भारी व्हील लाइटिंग झालर का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रात 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार का डीजे बजाना पूरी तरह वर्जित होगा, और नियम तोड़ने पर डीजे जप्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बारात की लंबाई भी निर्धारित की गई है, जिसके अनुसार वेडिंग वेन्यू से अधिकतम 200 मीटर से आगे बारात नहीं ले जाई जा सकेगी, ताकि यातायात बाधित न हो।
पुलिस सभी वेडिंग प्वाइंट, बैंक्वेट हॉल और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दे रही है। शादी समारोहों पर विशेष पुलिस निगरानी भी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या प्रतिबंध उल्लंघन की स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। इन निर्देशों का पालन करवाने की जिम्मेदारी संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों को सौंपी गई है।
नैनीताल पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे शादी समारोहों को शालीन, शांतिपूर्ण और यातायात नियमों के अनुरूप आयोजित करने में सहयोग दें। किसी भी प्रकार की शिकायत या उल्लंघन की सूचना कंट्रोल रूम नंबर 9411112979 या 112 पर दी जा सकती है।
