काशीपुर: कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के साथ विश्वासघात का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और फिर शादी से इंकार कर दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक ने अपने एक मित्र के साथ भी संबंध बनाने का दबाव बनाया। पुलिस ने युवती की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि वह अपनी खाला के घर पर रहती है। इस दौरान खाला की देवरानी के बेटे अरशद ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का वादा किया। उसने भरोसे का फायदा उठाकर कई बार संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि अरशद ने अपने दोस्त सलमान के साथ भी जबरन संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब युवती ने विरोध किया, तो दोनों ने उसे धमकाया कि अगर उसने किसी को बताया, तो उसकी वीडियो वायरल कर दी जाएगी।
डर और मानसिक तनाव के कारण युवती चुप रही, लेकिन अंततः हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। कोतवाल अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी। महिला सुरक्षा प्रकोष्ठ ने युवती को कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
