देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंच चुकी हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका भव्य स्वागत किया। उनके साथ स्वागत में कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, रमेश पोखरियाल निशंक, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और डॉ धन सिंह रावत शामिल थे। साथ ही मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह भी मौके पर रहे।
राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति निकेतन में कई उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेंगी। वे राष्ट्रीय दृष्टि विकलांग व्यक्ति सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD) में विशेष बच्चों के कार्यक्रम में शामिल होंगी और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी है। अधिकारियों ने तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे दिए हैं। दौरे के दौरान राष्ट्रपति निकेतन, तपोवन पार्क, शिव मंदिर और NIEPVD जैसे स्थलों पर उनकी उपस्थिति रहेगी। इसके अतिरिक्त वे राजभवन नैनीताल की 125वीं वर्षगांठ पर डाक टिकट और कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी करेंगी। राष्ट्रपति 21 जून को दोपहर बाद दिल्ली लौट जाएंगी।