नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय के 4 नवंबर को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके समारोह में आने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने बताया कि कुमाऊं विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब देश की राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी। यह पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण है। दीक्षांत समारोह का आयोजन 4 नवंबर को दोपहर 3 से 4 बजे के बीच किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समारोह में 90 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, 234 छात्रों को पीएचडी, 3 को डी.लिट., 7 को विशेष पुरस्कार और 16,183 विद्यार्थियों को स्नातक व स्नातकोत्तर की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और डीएसबी परिसर के ए.एन. सिंह हॉल में मंच सज्जा की जा रही है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ने इस वर्ष कई शैक्षणिक और शोध गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही जल्द ही विश्वविद्यालय का तीसरा परिसर भी खोला जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय पंत, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रंजीत तिवारी और श्रीमती अनुज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
