भीमताल: सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने अपने जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण को समर्पित करते हुए झील किनारे वृक्षारोपण किया। उन्होंने बाज, ऊतीस, पागर, शहतूत और मालू जैसे पेड़ लगाकर झील संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, वन विभाग, उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग, सिंचाई विभाग, नगर पालिका, ब्लॉक प्रशासन, हिमालयन जन सेवा फाउंडेशन और ग्राफिक गेरा इको क्लब की टीमों ने भागीदारी की। लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने के लिए ट्री गार्ड लगाए गए और देखभाल की जिम्मेदारी विभागों को सौंपी गई।
इस अवसर पर पूरन बृजवासी ने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण स्वच्छ रहता है बल्कि जल स्रोत भी सुरक्षित रहते हैं।
कार्यक्रम में फरहा खान, नीरज जोशी, मोनू नौटियाल, दीपक पाण्डेय, शुभम प्रधान सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।
