भीमताल: नौकुचियाताल के कमल ताल के पास आज तड़के पर्यटन सड़क धंसने से आवाजाही पर खतरा मंडराने लगा। सौभाग्य से उस समय सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने बताया कि फरवरी में ही लोक निर्माण विभाग को सड़क मरम्मत के लिए आगाह किया गया था, लेकिन विभाग की अनदेखी से भीमताल–नौकुचियाताल की करीब 6 किमी लंबी पर्यटन सड़क जर्जर स्थिति में पहुंच गई है।
2 से 4 किलोमीटर के हिस्सों में नालियों की सफाई न होने और कई जगहों पर नालियों के टूटे या गायब होने से लगातार जलभराव की समस्या बनी रहती है। जगह-जगह गड्ढों ने सड़क को खतरनाक बना दिया है। स्थानीय लोग, पर्यटक और राहगीर रोजाना परेशान हो रहे हैं। वहीं, दोनों ओर के पैदल फुटपाथ भी अधूरे और खराब हालत में हैं, क्योंकि इंटरलॉक टाइल्स तक नहीं लगाई गईं।
लोगों की मांग है कि सबसे पहले सड़क का ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त किया जाए, तभी अन्य निर्माण कार्य शुरू हों, अन्यथा सरकारी धन का दुरुपयोग होगा। साथ ही तत्काल डामरीकरण और पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई है।
क्षेत्रवासी चेतावनी दे चुके हैं कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। विभाग की लापरवाही न केवल स्थानीय जनता बल्कि पर्यटन उद्योग के लिए भी चिंता का विषय बन चुकी है।

