हल्द्वानी: गोवंश के साथ अमानवीय कृत्य करने के मामले में नैनीताल पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों पर पुलिस ने इस अत्यंत संवेदनशील प्रकरण में तत्परता और गंभीरता से कार्रवाई की।
घटना के संबंध में 2 नवंबर 2025 को वादी गिरीश चंद पांडे, निवासी आरटीओ रोड, मुखानी ने थाने में तहरीर दी थी कि 31 अक्टूबर को एक अज्ञात युवक द्वारा मैदान में विश्राम कर रहे गोवंश के साथ अमानवीय एवं अप्राकृतिक कृत्य किया गया।
इस तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना की जिम्मेदारी उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद को सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजुनाथ टी.सी. ने एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी दिनेश जोशी के नेतृत्व में कई टीमों ने घटनास्थल से लेकर दिल्ली तक के CCTV फुटेज का गहन विश्लेषण किया।
CCTV से खुला राज
जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक CCTV फुटेज में दिखाई दिया, जो अगले दिन भी घटनास्थल के निकट उन्हीं कपड़ों में देखा गया।
फुटेज के आधार पर जब स्थानीय लोगों ने उसे पहचाना तो आरोपी तुरंत वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने लगातार तकनीकी सर्विलांस, सूचना संकलन और CCTV विश्लेषण के माध्यम से आरोपी का लोकेशन ट्रैक किया और अंततः 7 नवंबर 2025 को रुद्रपुर, किच्छा बाईपास, शिवनगर के पास गंगानगर चौराहे से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
नाम: सुनील कुमार, निवासी: मिल्क मुफ्ती सईदनगर, थाना अजीम नगर, तहसील स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र: 24 वर्ष
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 28 अक्टूबर को मजदूरी करने हल्द्वानी आया था और अपनी अमानवीय मानसिकता के कारण इस घृणित हरकत को अंजाम दिया।
