हल्द्वानी। नैनीताल जिले के एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के सख्त निर्देशों पर बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की। जांच में अनियमितताएं मिलने पर 19 सेंटरों में से 8 सेंटरों को तत्काल बंद कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि सेवा की गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। एसपी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र के पर्यवेक्षण में तथा CO हल्द्वानी नितिन लोहनी और CO रामनगर सुमित पांडेय के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सुशील कुमार की देखरेख में 5 टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। टीमों ने सेंटरों का औचक निरीक्षण कर कई खामियां पकड़ीं।
जांच में मिली बड़ी अनियमितताएं
जांच में सामने आया कि कई सेंटरों में आवश्यक रजिस्टर मेंटेन नहीं थे, रेट लिस्ट उपलब्ध नहीं थी, CCTV कैमरे नहीं लगे थे और संचालकों के शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी नहीं पाए गए। इन खामियों के आधार पर 8 सेंटरों को तत्काल बंद कर दिया गया।
बंद किए गए सेंटरों की सूची
सब्बू CSC सेंटर – छोटी रोड
सोल्यूशन पॉइंट – ढोकर
साइबर प्लेनेट – छोटी रोड
ग्राहक सेवा केंद्र – उत्तर उजाला
नसीम CSC – बड़ी मस्जिद के पास
डिजिटल स्टेशन – नूरी मस्जिद के पास
अंसारी डिजिटल सेवा केंद्र – लाइन नंबर 16
देवभूमि जन सेवा केंद्र – लाइन नंबर 16
पुलिस की कार्रवाई और आगे की योजना
पुलिस प्रशासन ने कहा कि अनियमित CSC सेंटरों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में सेवा केंद्रों की पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। जनता की सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
