देहरादून: उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख हो गए हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट के साथ अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार देर रात चमोली जिले के थराली में बादल फटने से हालात बिगड़ गए। तेज मलबे के साथ पानी कई घरों और तहसील परिसर में घुस गया। मलबे में कई वाहन दब गए हैं, वहीं एक युवती के दबे होने की आशंका है। घटना से लोग दहशत में हैं।
थराली ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने बताया कि तीन स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। थराली बाजार से 20 से 40 मीटर पहले कई दुकानें बह गईं। एसडीएम आवास, नगर पंचायत अध्यक्ष का घर और तहसील परिसर भी प्रभावित हुए हैं।
जिला प्रशासन ने हालात को देखते हुए थराली तहसील क्षेत्र के कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।


