रामनगर: स्कूल से लौट रहे बच्चों को बहलाकर साथ ले जाने की कोशिश का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार एक अधेड़ व्यक्ति ने चार छात्राओं और एक छात्र को रास्ते में रोककर यह कहकर अपने साथ चलने को कहा कि उसे उनके घरवालों ने भेजा है। बच्चों को शक हुआ तो उन्होंने मना कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान एक छात्रा के साथ आरोपी ने अभद्र हरकत भी की।
छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोग आरोपी की तलाश में जुट गए और उसे बालाजी मंदिर के पास एक पार्क से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्रा हनुमानगढ़ी क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ती है और रोज की तरह छुट्टी के बाद घर लौट रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ सुमित पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र के अभिभावकों में दहशत का माहौल है। उन्होंने स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने और गश्त तेज करने की मांग की है। पुलिस ने भी अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अजनबियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के लिए जागरूक करें।
