प्रतीकात्मक तस्वीर
रामनगर/ नैनीताल: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बनाया। वीडियो सामने आने के बाद ही घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता रामनगर के ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने किसी खाद्य पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर छात्रा को दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
घटना के सामने आने के बाद पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर रामनगर की शांत फिज़ा को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें इस मामले की जानकारी मिली, उन्होंने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया।
मदन जोशी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि शुक्रवार तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और घटना से संबंधित डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जा सके।
MORE….
नवनियुक्त एसएसपी ने की प्रेस कॉन्फ्रेस, बोले- सुरक्षा सुविधा और समन्वय होगी पुलिस की प्राथमिकता-
नवनियुक्त एसएसपी ने की प्रेस कॉन्फ्रेस, बोले- सुरक्षा सुविधा और समन्वय होगी पुलिस की प्राथमिकता
