प्रतीकात्मक तस्वीर
रामनगर: अब घरों के बाहर खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। चिल्किया क्षेत्र में चोरों ने रात के अंधेरे में घर के बाहर खड़ी एक पिकअप को चोरी कर लिया। पूरी घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें चोर वाहन को काशीपुर की ओर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। काफी तलाश के बाद भी पुलिस अब तक वाहन का सुराग नहीं लगा पाई है।
चिल्किया गांव निवासी रफत अली ने शनिवार रात अपनी पिकअप को घर के बाहर लॉक कर खड़ा किया था। रविवार सुबह जब वह उठे तो वाहन गायब था। अचानक वाहन लापता देखकर वह हैरान रह गए। उन्होंने आसपास और प्रमुख मार्गों पर काफी तलाश की, लेकिन वाहन नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और थाने में चोरी की तहरीर भी दी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक बाइक से आते दिख रहे हैं। एक युवक बाइक से उतरकर पिकअप का दरवाजा खोलता है और कुछ ही सेकंड में वाहन स्टार्ट कर देता है। इसके बाद वह रात करीब दो बजे पिकअप को लेकर फरार हो जाता है, जबकि बाइक सवार युवक आगे-आगे चलता हुआ दिखाई देता है।
सीसीटीवी में यह भी देखा गया कि पिकअप और बाइक दोनों रामनगर की सीमा पार कर काशीपुर की ओर जाते दिख रहे हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों की फुटेज भी खंगालने की कोशिश की है, लेकिन अभी तक वाहन का पता नहीं लग सका है।
