नैनीताल: नैनीताल ज़िले के रामनगर में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कालाढूंगी थाना क्षेत्र के बन्नाखेड़ा इलाके में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 12 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे और उसकी मां को रामनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर के खताड़ी निवासी शरीफ अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाजपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बाजपुर निवासी सूरज की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। कालाढूंगी थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक मोहम्मद यूनुस ने बताया कि हादसा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ प्रतीत होता है। सड़क पर रोशनी की कमी भी दुर्घटना का एक कारण बताई जा रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और गति नियंत्रण के उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
