प्रतीकात्मक तस्वीर
रामनगर: निकाह का वादा कर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है
कोतवाली रामनगर के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही एक युवक ने उसकी 23 वर्षीय बेटी को प्रेम संबंध में फंसाया और निकाह का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी विश्वास के आधार पर युवक ने युवती से शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में निकाह की बात टालता रहा।
परिजनों के अनुसार, एक फरवरी को आरोपी युवती को निकाह की बात कहकर काशीपुर ले गया, जहां उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इसके बाद वह युवती को वापस रामनगर छोड़ आया और अगले दिन निकाह करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में संपर्क तोड़ दिया। बाद में जानकारी मिली कि युवक का निकाह किसी अन्य स्थान पर तय हो गया है।
बताया गया कि इस घटनाक्रम से युवती मानसिक रूप से आहत हो गई। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल उसकी स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

