राशन कार्ड ई-केवाईसी
देहरादून: राज्य सरकार ने उन सभी राशन कार्ड धारकों को बड़ी राहत दी है जिनकी ई-KYC अंगूठा स्कैन, रेटिना स्कैन या अन्य तकनीकी कारणों से नहीं हो पा रही है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या के निर्देश पर विभाग ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि ई-KYC न होने के बावजूद राशन वितरण नहीं रोका जाएगा।
अंतिम तिथि 30 नवंबर
प्रदेश के सभी जिलों में ई-KYC का कार्य तेजी से चल रहा है। केंद्र सरकार ने 30 नवंबर इसकी अंतिम तिथि निर्धारित की है, लेकिन कई जिलों में बड़ी संख्या में लोग अभी भी प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं।
मंत्री रेखा आर्या को जन मिलन कार्यक्रमों में शिकायतें मिली थीं कि—
कई लोगों के अंगूठे के निशान स्कैन नहीं हो रहे
रेटिना स्कैन संभव नहीं है
घर का मुखिया रोजगार के कारण बाहर रहता है
अधिकांश अत्यंत बुजुर्ग और गंभीर रोगियों की KYC लंबित है
इन परिस्थितियों में लोग चिंतित थे कि नवंबर के बाद उन्हें राशन मिलेगा या नहीं।
अब ई-KYC न होने पर भी जारी रहेगा राशन वितरण
मंत्री के निर्देश पर खाद्य आयुक्त कार्यालय ने सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को आदेश जारी किया है कि—
जिन लोगों की ई-KYC उपरोक्त कारणों से अभी तक नहीं हो पाई,
ऐसे किसी भी पात्र उपभोक्ता का राशन वितरण नहीं रोका जाएगा।
इन परिवारों को अतिरिक्त समय देकर ई-KYC पूरी कराई जाएगी।
राशन विक्रेताओं को भी राहत
विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि— राशन विक्रेताओं के लंबित लाभांश का भुगतान 3 दिनों के भीतर किया जाए, सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुविधा सर्वोपरि है और तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी परिवार को खाद्यान्न से वंचित नहीं किया जाएगा।
