प्रतीकात्मक तस्वीर
देहरादून: उत्तराखंड सरकार राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ ही लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। एक दिन पहले ही चिकित्सा अधिकारी के 287 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी,
अब स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) यानी एएनएम के 180 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने आज इन पदों के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया, जिसके बाद अभ्यर्थी 20 नवंबर 2025 से बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर 2025 तय की गई है।
राज्य भर की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में लंबे समय से एएनएम के पद रिक्त चल रहे थे, जिसके चलते स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। विभाग ने रिक्त पदों का अधियाचन चयन बोर्ड को भेज दिया था, जिसके बाद अब भर्ती औपचारिक तौर पर शुरू हो गई है।
इन पदों के लिए वेतनमान भी निर्धारित है, जिसमें वेतन बैण्ड-1 और सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-3 पे मैट्रिक्स शामिल है, जो 21,700 से 69,100 रुपये तक है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 180 पदों पर नियुक्ति की जानी है,
जिनमें अल्मोड़ा में 26,
बागेश्वर में 14,
रुद्रप्रयाग में 14,
हरिद्वार में 14,
चमोली में 20,
नैनीताल में 20,
चम्पावत में 3,
देहरादून में 6,
पौड़ी में 15,
पिथौरागढ़ में 15,
टिहरी में 15,
ऊधमसिंह नगर में 10
उत्तरकाशी में 8 पद शामिल हैं। इन पदों में 125 पद अनारक्षित, 31 अनुसूचित जाति, 2 अनुसूचित जनजाति, 10 ओबीसी और 12 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत का कहना है कि एएनएम की भर्ती से राज्य के प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे को नई ताकत मिलेगी। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम की नई तैनाती से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक सुधार होगा।
सरकार का लक्ष्य है कि हर ब्लॉक और ग्राम्य क्षेत्र तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से पहुंचें और लोगों को समय पर इलाज मिल सके।
