नैनीताल: दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट की गंभीर घटना के मद्देनज़र उत्तराखंड पुलिस सतर्क मोड में आ गई है। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देश और आईजी कुमाऊँ के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पूरे जनपद में रेड अलर्ट घोषित किया है। इसके तहत जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी सहित सभी क्षेत्राधिकारियों को शामिल कर विशेष टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में पुलिस फोर्स, फायर यूनिट, अभिसूचना तंत्र, बीडीएस स्क्वाड और बम डिस्पोजल टीम शामिल हैं।
सभी टीमें अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों — बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, टूरिस्ट स्पॉट, शॉपिंग मॉल, सिनेमाघरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार सघन चेकिंग कर रही हैं। हर संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।
नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दें और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस का सहयोग करें।

