उत्तराखंड: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है। लेकिन इससे ठीक उलट, गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने 29 जून को रोकी गई चारधाम यात्रा को मात्र 24 घंटे बाद फिर से शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के कई जिलों में आज (30 जून) बहुत भारी बारिश की आशंका है। कुछ स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने स्पष्ट किया है कि अगले कुछ दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, नदी-नालों में उफान, और सड़क मार्ग बाधित होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने एहतियातन आज राज्य के सभी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन की ओर से यह आदेश जारी किया गया है ताकि बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
29 जून को लगातार हो रही बारिश, भूस्खलन और सड़कों पर मलबा आने के कारण चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। लेकिन इस रोक के केवल 24 घंटे बाद ही गढ़वाल मंडल आयुक्त ने यात्रा फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी है।
गढ़वाल कमिश्नर ने जिलाधिकारियों को यह अधिकार भी दिया है कि वे अपने जिले के मौसम के आधार पर चारधाम यात्रा को रोक या शुरू कर सकते हैं। साथ ही, तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।


