नैनीताल: पर्यटन नगरी नैनीताल में बिना नियमों के होमस्टे संचालित करने वालों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पर्यटन विकास विभाग ने जांच के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर जिले के 31 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया है। साथ ही बिना वैध पंजीकरण के चल रहे होमस्टे को सील करने की चेतावनी भी दी गई है।
बताया जा रहा है कि नैनीताल जिले के कई क्षेत्रों में बिना पंजीकरण और अधूरे दस्तावेजों के साथ होमस्टे संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके अलावा कई जगह होमस्टे को होटल की तरह व्यावसायिक रूप से चलाया जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है। शिकायतों के बाद पर्यटन विभाग ने निरीक्षण अभियान चलाया।
जांच के दौरान कई होमस्टे में दस्तावेजों की कमी, पंजीकरण नियमों का उल्लंघन और निर्धारित मानकों का पालन न करने की बात सामने आई। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए 31 होमस्टे का पंजीकरण रद्द कर दिया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और यदि कोई होमस्टे बिना पंजीकरण के संचालित पाया गया तो उसे तुरंत सील कर दिया जाएगा।
प्रशासन ने सभी होमस्टे संचालकों से अपील की है कि वे नियमों के अनुसार पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें और उन्हीं के तहत अपने होमस्टे का संचालन करें।
