हल्द्वानी: उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को हल्द्वानी नगर क्षेत्र में तीन नए और अत्याधुनिक आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया। ये केंद्र क्रमशः राजेंद्र नगर प्रथम (राजपुरा), सुभाष नगर चतुर्थ और दमुवाढूंगा मल्ली बमौरी में बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र के भवन पर 18.57 लाख रुपये की लागत आई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री आर्या ने आंगनबाड़ी केंद्रों को राज्य के भविष्य निर्माण की असली प्रयोगशालाए बताया। उन्होंने कहा कि ये भवन केवल ईंट और गारे की रचना नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास की मजबूत नींव हैं।
आंगनबाड़ी केंद्र वह स्थान हैं जहां बचपन से ही बच्चे पोषण, शिक्षा और संस्कारों से परिपूर्ण होते हैं। यदि बचपन सशक्त होगा तो भविष्य भी उज्ज्वल होगा रेखा आर्या, कैबिनेट मंत्री
मंत्री आर्या ने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में 7000 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं की नियुक्ति की गई है, जिससे इन सेवाओं की गुणवत्ता और विस्तार को और बल मिलेगा।
कार्यक्रम में उन्होंने ‘एकल महिला स्वरोजगार योजना’ के महत्व पर भी जोर दिया और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपील की कि वे योजना के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस योजना के ज़रिए विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकती हैं।
लोकार्पण समारोह में भाजपा अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रविंद्र बाली, रजनी बाली, पार्षद प्रीति आर्या, भरत वल्दिया, वीरेंद्र जायसवाल, हीरालाल साहू, पंकज त्रिपाठी, नेहा अधिकारी, दिनेश वर्मा और विक्रम अधिकारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय जनता और बच्चों के अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इस सरकारी पहल की सराहना की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जताई।