लालकुआं/हल्द्वानी: राज्य की महिला कल्याण, बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा नैनीताल जनपद की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इंद्रानगर (बिंदुखत्ता) क्षेत्र में भारी वर्षा और गोला नदी के जलस्तर बढ़ने से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद किया। ग्रामीणों ने हर साल गोला नदी से होने वाले भूकटाव की समस्या रखी और भूमि व मकानों को हो रहे लगातार नुकसान पर स्थायी समाधान की मांग की।
मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल के माध्यम से भूकटाव रोकने के लिए स्थायी समाधान का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा। निरीक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि वन विभाग, सिंचाई विभाग और ब्रिडकुल द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया है।
तात्कालिक राहत हेतु वन विभाग ने 38 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों का सटीक आंकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गोला नदी से हर वर्ष होने वाले भूकटाव की समस्या का स्थायी समाधान अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रेखा कोहली, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश रावत, उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल जोशी, तहसीलदार कुलदीप पांडे, बीडीओ तनवीर असगर समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
