नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश किया। बजट में आम लोगों को राहत देने के साथ-साथ उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने से जुड़ी कई घोषणाएं की गई हैं। सरकार ने कैंसर की 17 दवाओं, मोबाइल फोन, ईवी बैटरी, स्पोर्ट्स सामान और सोलर से जुड़े उत्पादों पर कस्टम ड्यूटी घटाने का ऐलान किया है, जिससे ये चीजें सस्ती होंगी।
बजट में विदेश यात्रा, विदेश में शिक्षा और इलाज पर लगने वाली टीसीएस दर भी कम की गई है। विदेशी टूर पैकेज पर टीसीएस को 5–20 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं, एलआरएस के तहत विदेश में पढ़ाई के खर्च पर भी टैक्स में राहत दी गई है। सरकार ने विदेशी नागरिकों को भारत के बाहर से होने वाली आय पर टैक्स में भी छूट दी है।
वित्त मंत्री ने बताया कि डायबिटीज और कैंसर की दवाएं सस्ती होंगी। इसके अलावा चमड़े के सामान, माइक्रोवेव ओवन, सोलर पैनल, मोबाइल फोन, ईवी बैटरी और स्पोर्ट्स का सामान भी सस्ता होगा। एनर्जी ट्रांजिशन इक्विपमेंट, सिविल एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट और महत्वपूर्ण मिनरल से जुड़े कई सामानों पर बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट दी गई है। मखाना, भुने मेवे, बादाम और अखरोट पर भी ड्यूटी घटाई गई है।
हालांकि बजट में कुछ चीजें महंगी होने के भी संकेत हैं। शराब, खनिज और स्क्रैप की बिक्री पर टीसीएस 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है। चबाने वाले तंबाकू, जर्दा और गुटखा पर एनसीसीडी 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है। फ्यूचर ट्रेडिंग पर एसटीटी बढ़ाया गया है, जबकि स्टॉक ऑप्शन पर भी टैक्स बढ़ाया गया है। कुछ इंडस्ट्रियल मशीनरी और पार्ट्स की कीमतों में भी इजाफा हो सकता है।
बजट में सरकार ने पूंजीगत व्यय बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने की घोषणा की है। हाई-स्पीड रेल, एमएसएमई, सेमीकंडक्टर, बायोफार्मा और मेडिकल टूरिज्म सेक्टर में निवेश पर जोर दिया गया है। किसानों के लिए बहुभाषी एआई टूल और छोटे करदाताओं के लिए ऑटोमेटेड टैक्स प्रक्रिया लागू करने का भी ऐलान किया गया है।
