
कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग के शोध छात्र डॉ. नवीन चंद्र का चयन पंडित गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय पर्यावरण संस्थान में वैज्ञानिक ‘सी’ के पद पर हुआ है। डॉ. नवीन ने पदभार ग्रहण कर लिया है और इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है।
डॉ. नवीन ने अपनी पीएचडी “भारतीय अल्पाइन हिमालय में औषधीय और सुगंधित पौधों का वितरण, उपलब्धता और खतरों” विषय पर प्रो. ललित तिवारी और उत्तराखंड स्पेस सेंटर देहरादून के डॉ. गजेंद्र सिंह के निर्देशन में पूर्ण की। वर्तमान में वे एसएसजे विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा परिसर में अतिथि प्रवक्ता के रूप में कार्यरत थे।
डॉ. नवीन चंद्र एक मेधावी और परिश्रमी शोधकर्ता हैं, जिन्होंने हिमालय के उच्च क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अध्ययन किया है। अब तक उनके 40 शोध पत्र, 8 पुस्तक अध्याय, 2 संपादित पुस्तकें और 2 वैज्ञानिक रिपोर्ट प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी इस सफलता पर कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत, कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मंद्रवाल, डीएसबी परिसर की निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी सहित कई शिक्षाविदों ने खुशी व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
डॉ. नवीन चंद्र की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय और राज्य के लिए गर्व का विषय है और यह अन्य शोध छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक है।