हरिद्वार: हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जमालपुर स्थित जेवीजी कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय रिटायर्ड एयरफोर्स जवान भगवान सिंह की कार में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय उनके साथ 22 वर्षीय बेटा यशपाल भी मौजूद था। अचानक हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
कैसे हुई वारदात
29 नवंबर की रात भगवान सिंह अपने बेटे के साथ रोशनाबाद क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ज्वालापुर स्थित जटवाड़ा पुल के पास उन्होंने रास्ते में खड़े एक अज्ञात युवक को लिफ्ट दे दी। कार में जगह होने के कारण उन्होंने उसे बैठा लिया। कुछ दूरी चलते ही कार की पिछली सीट पर बैठे बदमाश ने अचानक भगवान सिंह के सिर पर सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर सीट पर गिर पड़े।
भय और घबराहट में बेटे यशपाल ने तुरन्त इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। जैसे ही कार रुकी, आरोपी दरवाजा खोलकर अंधेरे में फरार हो गया। बेटे ने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर पहुँचे परिजनों और पुलिस ने घायल भगवान सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें देहरादून के जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अचानक हुई हत्या से परिवार में मातम पसरा है।
चेकिंग अभियान तेज, आरोपी अब तक फरार
बेटे के बयान के आधार पर पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े हर एंगल की बारीकी से जांच की जा रही है।
