हल्द्वानी: दमुवाढुंगा क्षेत्र को राजस्व ग्राम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आज प्रशासन, नगर निगम और राजस्व विभाग की टीम ने सर्वे का कार्य शुरू कर दिया। सर्वे की शुरुआत सीमांकन और पिलर लगाने से की गई।
कार्य प्रारंभ के मौके पर क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज बिष्ट, पूर्व महापौर जोगेंद्र रौतेला समेत स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर उपस्थित थे।
महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि दमुवाढुंगा को राजस्व ग्राम घोषित कर सीमांकन की प्रक्रिया शुरू होना लंबे समय से क्षेत्र की जनता की मांग रही है। यह कदम चुनाव के समय जनता से किए गए वादे की पूर्ति है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि यह सर्वे डीजीपीएस सिस्टम के माध्यम से होगा और इसमें वन विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा।
महापौर ने कहा कि सर्वे पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को मालिकाना हक हासिल करने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने इसे केंद्र, राज्य और नगर निगम की “ट्रिपल इंजन सरकार” की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
